देशभक्ति / सुविचार / प्रेम / प्रेरक / माँ / स्त्री / जीवन

आओ! शहरों में गाँव ढूँढ़ते हैं (कविता) Editior's Choice

आरूढ़ वांछा के रथ पर
कंक्रीट के भीड़ भरे पथ पर
हो विह्वल आतप से, छाँव ढूँढ़ते हैं
आओ! शहरों में गाँव ढूँढ़ते हैं।

अय्यारी के चक्रवात से
चतुराई के भितरघात से
निष्ठा डोले बीच दह, नाँव ढूँढ़ते हैं
आओ! शहरों में गाँव ढूँढ़ते हैं।

अतिशयता की भगदड़ में
पदक्रम के अंधड़ में
टिके रहे जो भू पर, वो पाँव ढूँढ़ते हैं
आओ! शहरों में गाँव ढूँढ़ते हैं।

मैं-मेरे के विवादों में
सीमित होते संवादों में
पितरों तक भी दे संदेशा, (कव्वे की) वो काँव ढूँढ़ते हैं
आओ! शहरों में गाँव ढूँढ़ते हैं।


लेखन तिथि : अप्रैल, 2023
            

रचनाएँ खोजें

रचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें