लिख दे कलम ओ प्यारी (कविता)

जिस राह वो चली थी,
भारत की नौजवानी।
लिख दे कलम ओ प्यारी,
मेरे देश की कहानी।

जिस राह वो चले थे,
आज़ाद चंद्रशेखर।
उस राह सब चले हैं,
हाथों में हाथ लेकर।

तू ही परख ले इनको,
इनमें लहू या पानी।
लिख दे कलम ओ प्यारी,
मेरे देश की कहानी।

जिस राह वो जली थीं,
वीरों की वो चिताएँ।
करने नमन चली हैं,
भारत की सब दिशाएँ।

उस राह पर ही चलकर,
बन जा तू स्वाभिमानी।
लिख दे कलम ओ प्यारी,
मेरे देश की कहानी।

जिस राह वो चले थे,
हाथों में ले तिरंगा।
उनके चरण को धोने,
हम ले चलें हैं गंगा।

तू तीन रंग लिख दे,
और बोल जय भवानी।
लिख दे कलम ओ प्यारी,
मेरे देश की कहानी।

जिस राह वो दिखा था,
आज़ाद हिंद भारत।
उच्छल जलधि तरंगा,
प्राणों से प्यारा भारत।

सदियों जो गाईं जाएँ,
तू ऐसी लिख रवानी।
लिख दे कलम ओ प्यारी,
मेरे देश की कहानी।

जिस राह वो जला था,
बन वीर एक पतंगा।
उसको मिला ही हरदम,
वो ही कफ़न तिरंगा।

तू उस कफ़न पे कर दे,
क़ुर्बान-ए-ज़िंदगानी।
लिख दे कलम ओ प्यारी,
मेरे देश की कहानी।


लेखन तिथि : 14 अगस्त, 2022
यह पृष्ठ 280 बार देखा गया है
×

अगली रचना

हिन्दी के गौरव निशा इंदु : प्रेमचंद


पिछली रचना

मैं भारत हूँ भरत वंश का
कुछ संबंधित रचनाएँ


इनकी रचनाएँ पढ़िए

साहित्य और संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता होती है। आपके द्वारा दिया गया छोटा-सा सहयोग भी बड़े बदलाव ला सकता है।

            

रचनाएँ खोजें

रचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें