गुरु ही पूर्ण वंदना (कविता)

प्रशस्त पुण्य पंथ पर,
अखण्ड दीप जल रहा।
है ज्ञान ज्योति बन गुरु,
वह विश्व को बदल रहा।

है शांति का प्रतीक भी,
वह शिष्य की उड़ान है।
है सिंधु की असीमता,
वह सत्य का बखान है।

है जीत की प्रवेशिका,
गुरु यहाँ पवित्र है।
असँख्य शिष्य तार दे,
गुरु ही ऐसा इत्र है।

गुरु यहाँ है धैर्यता,
गुरु यहाँ है संस्कृति।
गुरु यहाँ है प्रेम की,
प्रकाशमय वह एक कृति।

गुरु कुरान आयतें,
है गीता का ही सार वह।
गुरु ही वाणी प्रेम की,
गुरु ही ज्ञानाधार वह।

गुरु अनंत व्योम है,
गुरु ही माँझी नाव का।
गुरु ही घट है ज्ञान का,
गुरु शिखर प्रभाव का।

गुरु ही मार्तंड है,
गुरु ही नव प्रभात है।
गुरु ही साथ दे सके,
वो ऐसी छाया साथ है।

गुरु ही ब्रह्मा विष्णु है,
गुरु ही पूर्ण वंदना।
जिसे मिली है रज चरण,
वो ज्ञान का कलश बना।


लेखन तिथि : 13 जुलाई, 2022
यह पृष्ठ 307 बार देखा गया है
×

अगली रचना

स्वयं धरा पुकारती


पिछली रचना

मैं कलम हूँ न्याय की
कुछ संबंधित रचनाएँ


इनकी रचनाएँ पढ़िए

साहित्य और संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता होती है। आपके द्वारा दिया गया छोटा-सा सहयोग भी बड़े बदलाव ला सकता है।

            

रचनाएँ खोजें

रचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें