देशभक्ति / सुविचार / प्रेम / प्रेरक / माँ / स्त्री / जीवन

मातु यश गाऊँ मैं (गीत)

माँ हो तुम ममता का आँचल,
माँ बैठ सदा सुख पाऊँ मैं।
अश्रुपूरित भींगे नयनों से,
तुझे नमन पुष्प चढ़ाऊँ मैं।

तू जननी अनमोल स्नेहिला,
कैसे दूध ऋण उतारूँ मैं।
तुम दर्शन अस्तित्व पूत का,
तव बिन जीवन रच पाऊँ मैं।

ममता समता करुणा संगम,
पी पावन जल तर जाऊँ मैं।
कर तूने मुझ जीवन अर्पण,
माँ कैसे मूल्य चुकाऊँ मैं।

सही सकल अपमान वेदना,
अम्ब दर्द भूल न पाऊँ मैं।
खड़ी ढाल बन हर बाधा में,
तुम मातु बिना बच पाऊँ मैं।

पोंछ पूत नैनाश्रु नेह नित,
वह करुण हाथ कहँ पाऊँ मैं।
मातृहृदय वसुधा विशालतम,
गूढ़ मर्म समझ न पाऊँ मैं।

महाशक्ति नवरूप धरा तू,
दे शक्ति गीत नित गाऊँ मैं।
वधू बहन बेटी माँ बनकर,
बहुरूप मंत्र जप पाऊँ मैं।

पशु विहंग जग सुर नर मानव,
नित पूज्य मातु यश गाऊँ मैं।
हूँ कुपूत, दी पीड़ अनेकों,
ख़ुद क्षमादान कर पाऊँ मैं।

नित आती माँ स्मृति पटल में,
बिन हाथ माथ सो पाऊँ मैं।
दी तूने जो शान्ति सुखद क्षण,
कोख लाज पूत रख पाऊँ मैं।

निर्भय जो माँ कवच पहन नित,
रक्षित तुझ बिन जी पाऊँ मैं।
स्वीकारो माँ नमन सुमन सुत,
माँ ममताँचल छिप जाऊँ मैं।


लेखन तिथि : 10 मई, 2020
            

रचनाएँ खोजें

रचनाएँ खोजने के लिए नीचे दी गई बॉक्स में हिन्दी में लिखें और "खोजें" बटन पर क्लिक करें